यूपी चुनाव से पहले सपा को झटका : पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और अनिल यादव भाजपा में शामिल, सैकड़ों समर्थकों ने भी थामा दामन
समाजवादी पार्टी को बुधवार को झटका लगा। बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, ज्वाइनिंग कमेटी के अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह व परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दोनों नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा के राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ बिना भेदभाव के काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव केवल सरकार बनाने या किसी व्यक्ति की जीत का चुनाव नहीं, बल्कि देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का भी विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भयमुक्त वातावरण में विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ काम कर रही है।
इस अवसर पर प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी समेत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं के समर्थक मौजूद रहे।
बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसे तख्तापलट की साजिश से रहें सतर्क
पंकज चौधरी ने देश में अराजकता फैलाने के कथित प्रयासों को लेकर विपक्षी ताकतों पर निशाना साधा। कहा कि कुछ शक्तियां लोकतांत्रिक वातावरण को प्रभावित कर भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भारत को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर धकेलने की कोशिश हो रही है या तख्तापलट जैसी परिस्थितियां पैदा करने की मंशा है। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रयासों के प्रति सजग रहने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश के नौजवानों तथा जागरूक जनता ने अराजकता फैलाने के प्रयासों का जवाब दिया है।



