योगी कैबिनेट का फैसला : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगी एक और साड़ी, 3.80 लाख से अधिक को फायदा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को कार्यस्थल पर निर्धारित वेशभूषा में काम करने के लिए एक अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया।
इससे प्रदेश की 3,80,290 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को लाभ मिलेगा। इस पर सरकार करीब 19.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी। आधिकारिक बयान के अनुसार, अतिरिक्त साड़ी उपलब्ध कराने का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को विभागीय कार्यों के बेहतर निर्वहन में सुविधा देना और कार्यस्थल पर निर्धारित वेशभूषा सुनिश्चित करना है।
मैनपुरी में 37.86 किलोमीटर मार्ग होगा चार लेन
कैबिनेट ने मैनपुरी जिले में शिकोहाबाद-भोगांव राज्य मार्ग संख्या-84 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए पुनरीक्षित प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 328.67 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के तहत घिरोर से भोगांव तक 31.30 किलोमीटर लंबे मार्ग को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 6.56 किलोमीटर लंबे घिरोर बाईपास का निर्माण भी कराया जाएगा। इससे इस मार्ग पर आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।



