सुलतानपुर में दुर्गापूजा पर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों-कर्मचारियों को नहीं मिलेगा अवकाश, DJ की आवाज पर भी रहेगी नजर, डीएम ने जारी किया आदेश
देश-विदेश में प्रसिद्ध सुलतानपुर के ऐतिहासिक दुर्गापूजा महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा।
नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी और केंद्रीय पूजा समिति सहित विभिन्न समितियों के अध्यक्ष व सदस्य
संवेदनशील इलाकों में रहेगी विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा जिले की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन्हें आपसी भाईचारे, प्रेम और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की सुविधा का ध्यान रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
डीएम ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। दुर्गापूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और अन्य धार्मिक आयोजनों में निर्धारित मानकों का पालन कराने के भी निर्देश दिए गए।
पंडालों में बिजली और अग्निशमन व्यवस्था की जांच
प्रशासन ने पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर आयोजन स्थलों का पहले से निरीक्षण करने को कहा है। इसके तहत विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन के इंतजाम, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा पार्किंग व्यवस्था की जांच की जाएगी। पंडालों में खुले या अव्यवस्थित बिजली के तार नहीं रहने देने और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने को कहा। इसके साथ ही मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम, मेडिकल एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर, साफ-सफाई और सड़क सुरक्षा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने आयोजकों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर उनका पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्वों के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौजूद रहे।



