CJP के प्रदर्शन के चलते थमा ट्रेनों का पहिया: लखनऊ मेल, तेजस और AC एक्सप्रेस अचानक रद्द,गोमती नगर से लेकर लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती, भड़के यात्री
राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी CJP के बिना इजाजत प्रदर्शन की घोषणा के बाद लखनऊ से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों पर आफत आन पड़ी है। रेलवे ने एहतियाती कदम उठाते हुए लखनऊ मेल, एसी सुपरफास्ट और तेजस एक्सप्रेस जैसी कई प्रमुख ट्रेनों को अचानक निरस्त कर दिया है। गोमती नगर से लेकर लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन तक
शुक्रवार को ट्रेन कैंसिल होने का मैसेज मिलते ही चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। अचानक ट्रेनें रद्द होने से सबसे ज्यादा असर उन यात्रियों पर पड़ा है, जो इलाज, जॉब इंटरव्यू या ऑफिस के अति-आवश्यक कामों से दिल्ली जाने वाले थे। हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी सही जानकारी न मिलने के कारण यात्रियों ने सोशल मीडिया पर रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।
लखनऊ से दिल्ली रूट की कौन-कौन सी ट्रेनें रद्द?
उत्तर रेलवे के मुताबिक, दिल्ली में भारी जाम और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए लखनऊ और आसपास के रूटों की निम्नलिखित गाड़ियाँ रद्द की गई हैं-
• लखनऊ-नई दिल्ली मेल (12229): शुक्रवार को रवाना होने वाली ट्रेन रद्द।
• लखनऊ-नई दिल्ली एसी सुपरफास्ट (12429): शुक्रवार को अचानक कैंसिल।
• लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस (82501): शनिवार सुबह की यात्रा रद्द।
• नई दिल्ली-लखनऊ तेजस एक्सप्रेस (82502): शनिवार को वापसी की यात्रा भी रद्द।
• आसपास के रूट की अन्य ट्रेनें: बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा (12559), बनारस-नई दिल्ली एक्सप्रेस (12581/12582) और कासगंज-नई दिल्ली एक्सप्रेस (15303) भी निरस्त रहेंगी।
हेल्पलाइन ठप, सोशल मीडिया पर यात्रियों का हंगामा
कई दिनों पहले से प्लानिंग करके बैठे यात्रियों को शुक्रवार दोपहर बाद अचानक कैंसिलेशन के मैसेज मिलने शुरू हुए।
यात्रियों का दर्द: “हमें सुबह दिल्ली में डॉक्टर के पास अपॉइंटमेंट और इंटरव्यू के लिए पहुंचना था। अचानक ट्रेन कैंसिल कर दी गई और 139 हेल्पलाइन से भी कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। ऐन वक्त पर अब हम कहाँ जाएँ?
यूपी रोडवेज बसों का सहारा, नोएडा-गाजियाबाद में बैकअप तैनात
रेलवे के पहिये थमने के बीच बस यात्रियों के लिए राहत भरी खबर आई है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) ने स्पष्ट किया है कि लखनऊ से दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाली बस सेवाएं अपने तय रूट और टाइम-टेबल के मुताबिक चलती रहेंगी।
• कोई रूट डायवर्जन नहीं: परिवहन निगम के एमडी पी.एन. सिंह ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जाने वाली किसी भी बस का रूट न तो बदला गया है और न ही निरस्त किया गया है।
• अतिरिक्त बसें रिजर्व: ट्रेनें रद्द होने से बसों में अचानक बढ़ने वाली भीड़ से निपटने के लिए नोएडा और गाजियाबाद में extra बसें स्टैंडबाय पर रख दी गई हैं।
• त्योहारी तैयारी भी साथ: रोडवेज अधिकारियों को मुस्तैद रहने और भीड़ बढ़ते ही तुरंत अतिरिक्त बसें ऑन-रोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
आखिर क्यों रद्द करनी पड़ीं ट्रेनें?
सीजेपी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की घोषणा की है। दिल्ली पुलिस ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है, जिसके चलते नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास सुरक्षा सख्त कर दी गई है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले 139 या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन का रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें। शनिवार दोपहर 2 बजे के बाद स्थिति को देखते हुए रेल संचालन सामान्य करने की योजना है।



