भारत

चुनाव से पहले सपा को बड़ा झटका! 14 अक्टूबर को BJP में शामिल होंगे ये तीन विधायक

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को बड़ा सियासी झटका लग सकता है। पार्टी के तीन बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की तैयारी में हैं। तीनों विधायकों ने 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। अब 14 अक्टूबर को अमेठी के गौरीगंज में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में उनकी भाजपा में एंट्री की संभावना जताई जा रही है।

गौरीगंज में होगा मेगा ज्वॉइनिंग कार्यक्रम

तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने के लिए गौरीगंज में विधायक राकेश प्रताप सिंह के निजी आवास पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। राकेश प्रताप सिंह ने खुद 14 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता लेने की बात कही है। वह शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। माना जा रहा है कि इसमें भाजपा में शामिल होने के कार्यक्रम और उसमें शामिल होने वाले नेताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा सकती है।

सीएम योगी से मुलाकात के बाद तेज हुईं चर्चाएं

कालपी से विधायक विनोद चतुर्वेदी ने हाल ही में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इस दौरान गौरीगंज के विधायक राकेश प्रताप सिंह और गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी मौजूद थे। तीनों नेताओं की मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

राज्यसभा चुनाव में की थी क्रॉस वोटिंग

राकेश प्रताप सिंह लंबे समय से सपा नेतृत्व से अलग रुख अपनाए हुए थे। वर्ष 2024 में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग करने वाले सपा विधायकों में उनका नाम भी शामिल था। इसके बाद जून 2025 में सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। राकेश प्रताप सिंह के साथ अयोध्या की गोसाईगंज सीट से विधायक अभय सिंह और रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडेय को भी पार्टी से बाहर कर दिया गया था। बाद में विधानसभा में इन नेताओं को असंबद्ध सदस्यों के रूप में मान्यता दी गई।

विनोद चतुर्वेदी को नहीं किया गया था निष्कासित

कालपी से विधायक विनोद चतुर्वेदी भी उन सपा विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने 2024 के राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की थी। हालांकि, उस समय सपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित नहीं किया था।अब राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी के भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले इन नेताओं का पाला बदलना सपा और भाजपा, दोनों के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777