China vs Japan: PLA की रिपोर्ट में परमाणु हमले का अलर्ट, Tactical Nuclear Weapons से डरा ड्रैगन
पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की एक स्टडी में चेतावनी दी गई है कि चीन के शहरों पर परमाणु आतंकवादी हमले का खतरा हो सकता है। साथ ही, इसमें जापान की परमाणु क्षमताओं और उसके “री-मिलिटराइज़ेशन” (फिर से सैन्यीकरण) की कोशिशों को लेकर चिंता जताई गई है। स्टडी में कहा गया है कि बड़े पैमाने पर वैश्विक परमाणु युद्ध की संभावना काफी कम है। हालांकि, इसमें यह भी चेतावनी दी गई है कि देशों या आतंकवादी समूहों द्वारा छोटे परमाणु हमले की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्टडी में कहा गया है अगर कुछ देश या आतंकवादी समूह ऐसा जोखिम उठाते हैं, तो इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि चीन के शहरों पर परमाणु आतंकवादी हमला हो सकता है।
इस रिपोर्ट में एक ऐसी स्थिति का मॉडल तैयार किया गया जिसमें चीन के एक बड़े शहर पर कम क्षमता वाले परमाणु हथियार (जिसमें छोटे स्तर के टैक्टिकल हथियार भी शामिल हैं) से हमला होता है। 1945 में हिरोशिमा पर हुए परमाणु हमले के डेटा और दुनिया भर में किए गए सिमुलेशन के आधार पर, शोधकर्ताओं ने उन चुनौतियों का आकलन किया जिनका सामना हमले के बाद मेडिकल टीमों को करना पड़ सकता है। अध्ययन के अनुसार, आपातकालीन स्थिति में काम करने वाली टीमों को खतरनाक हालात, बड़े पैमाने पर सामाजिक अव्यवस्था और चोटों के जटिल मामलों से निपटना होगा।



