सीएम योगी का विपक्ष पर निशाना, कहा- सपा-कांग्रेस सनातन का अपमान करते हैं, BJP विरासत बचा रही है
बांदा (उप्र): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर सनातन परंपराओं का अपमान करने और प्रमुख हिंदू धार्मिक स्थलों के विकास का विरोध करने का आरोप लगाया। बांदा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘डबल-इंजन’ सरकार देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को बचाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम आदित्यनाथ यहां 710 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के मौके पर बोल रहे थे।
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों ने हिंदू परंपराओं और सनातन धर्म को अपमानित करना ही अपना ‘एकमात्र ध्येय’ बना लिया है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘सपा और कांग्रेस को अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर अच्छा नहीं लगता, उन्हें काशी में काशी विश्वनाथ धाम अच्छा नहीं लगता, उन्हें मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी का भव्य धाम, चित्रकूट धाम के सौंदर्यीकरण के लिए किए जाने वाले प्रयास भी अच्छे नहीं लगते।’
मुख्यमंत्री योगी ने यह भी आरोप लगाया कि विरासत के संरक्षण और मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा दिया जाने वाला धन सपा के शासनकाल में कब्रिस्तान की चहारदीवारी बनाने के लिए खर्च किया जाता था। उन्होंने कहा, ‘सपा को कब्रिस्तान से प्यार है इसलिए वह राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, मां विंध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य और चित्रकूट धाम के विकास का विरोध करते हैं।’



