यूपी में 3567 शिक्षकों-प्रधानाचार्यों को आज मिलेगा नियुक्ति पत्र, CM योगी देंगे चयनित अभ्यर्थियों को सौगात
उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन रोजगार के तहत मंगलवार को अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित 3567 शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।
319 प्रधानाचार्य और 258 प्रधानाध्यापक भी शामिल
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 319 प्रधानाचार्य, 258 प्रधानाध्यापक, 618 प्रवक्ता (पीजीटी) और 2372 सहायक अध्यापक (टीजीटी) शामिल हैं। इनमें 1090 महिलाएं और 2477 पुरुष हैं।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से पूर्व में विज्ञापित रिक्त पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद इन अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियों का अभियान
प्रदेश सरकार ने अगले छह महीने में एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने और चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में 19 और 20 सितंबर को विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने का यह तीसरा कार्यक्रम है।
2023 में हुआ था शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन
प्रदेश में बेसिक, माध्यमिक, उच्च और तकनीकी शिक्षा संस्थानों में संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से 21 अगस्त 2023 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन किया गया था।
2017 से अब तक 48,018 अभ्यर्थियों का चयन
माध्यमिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में वर्ष 2017 से 22 सितंबर तक 48,018 अभ्यर्थियों का चयन/नियुक्ति विभिन्न पदों पर की गई है।
इनमें 1456 संस्था प्रधान (प्रधानाचार्य/प्रधानाध्यापक), 40,955 सहायक अध्यापक (टीजीटी) और 5607 प्रवक्ता (पीजीटी) शामिल हैं।



