3 बेटियां पहले से थीं… पहली शादी छिपाकर रचाया ब्याह, अब रामनगर ब्लॉक प्रमुख पर लखनऊ में FIR दर्ज
बाराबंकी के रामनगर ब्लॉक प्रमुख संजय तिवारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनकी पत्नी बिंदु तिवारी ने लखनऊ के इंदिरानगर थाने में उनके खिलाफ पहली शादी छिपाकर विवाह करने, सालों तक शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जबरन गर्भपात कराने जैसे कई गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया है।
लखनऊ के इंदिरानगर में रह रहीं बिंदु तिवारी का कहना है कि उनकी शादी 21 नवंबर 2000 को बाराबंकी के रामनगर (लोधौरा) निवासी संजय तिवारी से हुई थी। शादी के वक्त संजय ने खुद को कुंवारा बताया था। लेकिन शादी के करीब आठ महीने बाद बिंदु को पता चला कि संजय पहले से शादीशुदा हैं और उनकी तीन बेटियां भी हैं।
जब बिंदु ने इस धोखाधड़ी का विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना का सिलसिला शुरू हो गया। बिंदु का आरोप है कि उन्हें कई-कई दिनों तक भूखा-प्यासा रखा गया, गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की गई और कई बार जबरन गर्भपात भी कराया गया। साल 2005 में बेटे के जन्म के बाद भी प्रताड़ना कम नहीं हुई।
पीड़िता के मुताबिक, साल 2024 में जब पति के किसी अन्य महिला से संबंधों की बात सामने आई, तो विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि 29 नवंबर 2025 को संजय तिवारी ने बिंदु और उनके बेटे को अपने फार्म हाउस बुलाया। वहां उन्होंने अपने गार्डों के साथ मिलकर दोनों की जमकर पिटाई की और उन्हें घर से खदेड़ दिया। इसके बाद से पीड़ित महिला अपने बेटे के साथ लखनऊ में रहने को मजबूर है।
महिला की तहरीर पर लखनऊ पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है।



