यूपी चुनाव 2027 : सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर पहली बैठक खत्म, जानिए कांग्रेस ने कितनी सीटों पर ठोका दावा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है। दिल्ली में कांग्रेस प्रमोद तिवारी के आवास पर सोमवार को दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर पहले दौर की बैठक हुई। बैठक में समाजवादी पार्टी की तरफ से राम गोपाल और कांग्रेस की तरफ से यूपी प्रदेश अध्यक्ष मोना मिश्रा रही मोजूद रहीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक करीब एक घंटे चली इस बैठक में कांग्रेस ने A कैटेगरी की 55 सीटों पर अपना दावा पेश करते हुए सूची सपा को सौंप दी। वहीं, B और C कैटेगरी की सीटों पर अगले दो दिनों में चर्चा होगी। बैठक के बाद दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया और जल्द सीटों के बंटवारे पर सहमति बनने की उम्मीद जताई। कांग्रेस और सपा के प्रतिनिधिमंडलों की अगली बैठक मंगलवार को होगी।
2-4 दिनों में सीट बंटवारे पर फैसला होने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने बैठक के बाद कहा कि बातचीत बेहद सकारात्मक माहौल में हुई है। कितनी सीटों पर चर्चा हुई है, इसकी जानकारी कल तक स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच विश्वास और गठबंधन की मजबूती को लेकर कोई संशय नहीं है। अगले दो से चार दिनों में सीट बंटवारे से जुड़ी सभी चीजें तय हो जाएंगी। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं। गठबंधन को लेकर दोनों दलों में सहमति है और सम्मानजनक तरीके से सीटों का समझौता होगा। उन्होंने जल्द ही सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय होने की बात कही।
राम गोपाल यादव बोले- सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने भी बैठक को सकारात्मक बताया। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई इस बैठक के बाद उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बात सुनी है। बातचीत सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई और अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप देने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को फिर बैठक होगी। प्रियंका गांधी वाड्रा के अगली बैठक में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
ब्रजेश पाठक का तंज- कोई गठबंधन नहीं रोक पाएगा भाजपा की वापसी
उधर, सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा या ओवैसी का गठबंधन, कोई भी उत्तर प्रदेश में सफल नहीं होगा। भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं ने लोगों का भरोसा जीता है और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरे देश में चर्चा का विषय है। उन्होंने सपा के शासनकाल को अपराध और गुंडागर्दी से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि उस समय महिलाओं की सुरक्षा खतरे में थी।उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश का सर्वसमाज जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर भाजपा के पक्ष में मतदान करेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।



