फ्लैश न्यूज

बेनीगंज मतदान केंद्र पर सपा ने उठाए सवाल, पीठासीन अधिकारी पर वोटरों को प्रभावित करने का दावा, जानिए क्या बोला नितिन अग्रवाल

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान के बीच हरदोई में सियासी घमासान शुरू हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने बेनीगंज मतदान केंद्र पर तैनात पीठासीन अधिकारी पर मतदाताओं को विशेष क्रम में मतदान करने के लिए कहने का आरोप लगाया है।

उन्होंने इस मामले की शिकायत प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से की है। वहीं, प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने सपा के आरोपों को निराधार बताते हुए विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करने का आरोप लगाया है।

बेनीगंज मतदान केंद्र पर क्या है सपा का आरोप?

सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजी शिकायत में कहा है कि बेनीगंज मतदान केंद्र पर तैनात पीठासीन अधिकारी मतदाताओं से एक, दो और तीन नंबर पर मतदान करने के लिए कह रहे हैं। सपा ने इसे मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने से जुड़ा मामला बताते हुए निर्वाचन आयोग से शिकायत की है।

इससे पहले भी लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव के दौरान गड़बड़ी की आशंका जताई गई थी। सपा प्रत्याशी कांति सिंह के पति और प्रतापगढ़ के सांसद एसपी सिंह ने प्रेस वार्ता कर भाजपा पर चुनाव में गड़बड़ी की आशंका व्यक्त की थी।

कांति सिंह और अवनीश कुमार सिंह के बीच मुकाबला

लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी की कांति सिंह और भाजपा के अवनीश कुमार सिंह चुनाव मैदान में हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। मतदान के दौरान सपा की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद चुनावी माहौल और गरमा गया है।

नितिन अग्रवाल बोले- हार देखकर आरोप लगा रही सपा

हरदोई के राजकीय इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल और उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने सपा के आरोपों को निराधार बताया। नितिन अग्रवाल ने कहा कि विपक्ष अपनी हार का ठीकरा दूसरों के सिर पर फोड़ने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले विपक्ष को ईवीएम से परेशानी थी, लेकिन विधान परिषद का यह चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है।

इसके बावजूद विपक्ष आरोप लगा रहा है। मंत्री ने कहा कि विपक्ष का काम बेबुनियाद आरोप लगाना रह गया है। उनके मुताबिक, सपा को अपनी हार का अंदेशा हो गया है, इसलिए मतदान के दौरान ही आरोप लगाने शुरू कर दिए गए हैं। इस तरह विधान परिषद चुनाव के मतदान के बीच हरदोई में सपा के आरोपों और भाजपा नेताओं के पलटवार से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777