
UP : भाजपा छोड़ सपा में शामिल हो सकते हैं पूर्व मंत्री हेमराज, लखनऊ में अखिलेश से मुलाकात…गरमाई सियासत
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पीलीभीत में राजनीतिक समीकरण बदलना शुरू हो गए हैं। अभी कुछ दिन पहले ही बसपा के दिग्गज नेताओं में शुमार पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अब एक और पूर्व मंत्री समाजवादी पार्टी में वापसी की तैयारी लगभग तय कर चुके हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में हुई पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा की मुलाकात ने खलबली मचा दी है। माना जा रहा है कि जल्द ही उनकी सपा में वापसी की औपचारिक घोषणा बाकी है। फिलहाल दोनों की मुलाकात का फोटो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गई है।
बता दें कि सत्ताधारी भाजपा हो या फिर अन्य विपक्षी दल। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राजनीतिक दलों में तैयारियां तेज हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को एकजुटता और सक्रियता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में जिले की चार विधानसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा है। आगामी चुनाव को लेकर दावेदारों की लंबी फेहरिस्त अभी से है। भाजपा में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा का इंतजार है। इसे लेकर 28 दिग्गज दावेदार है।
वहीं, विपक्षी दल तराई के जनपद में खोई सियासी जमीं पाने की जुगत में लगे हुए हैं। बसपा के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूलबाबू बीते दिनों समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे। इसके बाद अब पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा की सपा में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उन्होंने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है। बता दें कि हेमराज वर्मा 2012 में सपा से विधानसभा बरखेड़ा सीट से चुनाव लड़े थे। भारी मतों से जीत दर्ज कर विधायक बने और खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री बनाए गए थे।



