भारत

राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में, तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार, ‘रेड अलर्ट’ जारी

राष्ट्रीय राजधानी भीषण गर्मी की चपेट में है और कई इलाकों में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिसके मद्देनजर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। बुधवार को जारी ‘रेड अलर्ट’ अगले दो दिन तक चरम स्थितियों के जारी रहने के पूर्वानुमान के बीच आया है।

हालांकि, 13 जून की रात और 14 जून को कुछ राहत मिल सकती है और पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश होने की संभावना है। दोपहर दो बजे जारी आईएमडी के दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, ‘‘दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कई जगहों पर लू चलने की संभावना है’’ और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस एवं 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली में बुधवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सफदरजंग मौसम केंद्र में तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में सबसे अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दोनों ही मौसम केंद्रों पर दर्ज तापमान सामान्य से काफी अधिक हैं।

राजधानी में सुबह के समय नमी का स्तर 39 प्रतिशत के मध्यम स्तर पर रहा, लेकिन गर्मी और शुष्क दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के संयोजन ने परेशानी और बढ़ा दी है। ‘रेड अलर्ट’ में ‘‘कार्रवाई करें’’ की चेतावनी होती है। इसमें निवासियों से गर्मी के संपर्क से बचने, शरीर में पानी की कमी नहीं हो इसके लिए पानी पीते रहने और बाहरी गतिविधियों को सीमित करने का आग्रह किया जाता है।

इसमें सभी उम्र के लोगों को गर्मी से होने वाली बीमारियों और लू लगने की बहुत अधिक संभावना की चेतावनी दी जाती है और कमजोर लोगों को अत्यधिक देखभाल की सलाह दी जाती है। आईएमडी में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार ने कहा कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी 12 जून तक जारी रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777