उत्तर प्रदेशफ्लैश न्यूजभारत

यूपी बोर्ड की नकल मुक्त परीक्षा के लिए बनी रणनीति, सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों पर करेंगे औचक निरीक्षण

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इसे नकलमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाखजी ने की, जिसमें बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि लखनऊ में कुल 121 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 120 सामान्य और एक आदर्श कारागार केंद्र शामिल है।

इन केंद्रों पर कुल 1,03,088 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 51,097 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 25,675 छात्र और 26,232 छात्राएं हैं। वहीं, इंटरमीडिएट में 51,181 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 25,340 छात्र और 25,841 छात्राएं हैं।

परीक्षा को नकलमुक्त कराने के लिए मंडल स्तर पर चार सचल दल सक्रिय रहेंगे। जिले में 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी एसओपी का गंभीरता से अध्ययन कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।

सेक्टर, जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई है। परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं रहेंगी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी परीक्षा केंद्रों पर साफ शौचालय, पेयजल और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी

परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी ऑनलाइन निगरानी के लिए राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और मॉनिटरिंग सेल स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, जिला स्तर पर छह सचल दल भी गठित किए गए हैं।

अतिरिक्त बाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी रहेंगे मौजूद

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक अतिरिक्त बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सशस्त्र पुलिस बल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और प्राथमिक उपचार की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यूपी बोर्ड ने परीक्षाओं के लिए बनाया सचल दल

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित की जाने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा वर्ष-2026 के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक ने मंडल स्तर पर 4 प्रकार के सचल दल का गठन किया है। जो लखनऊ और मंडल के सभी जिलों में नकल मुक्त परीक्षा सहित परीक्षा केंद्रों, स्ट्रांग रुम आदि का औचक निरीक्षण करेगी।

प्रथम दल के प्रभारी स्वयं संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. प्रदीप कुमार होंगे। जबकि दूसरे सचल दल की प्रभारी उपशिक्षा निदेशक माध्यमिक रेखा दिवाकर, तीसरे दल के प्रभारी मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक लखनऊ मंडल श्याम किशोर तिवारी, चौथे मंडलीय सचल दल के प्रभारी विज्ञान प्रगति अधिकारी लखनऊ मंडल डॉ. दिनेश कुमार होंगे।

उल्लेखनीय है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से 12 मार्च तक होने वाली हैं। बोर्ड परीक्षा में ये सचल दल जेडी माध्यमिक डॉ. प्रदीप कुमार के निर्देश पर मंडल के 6 जिलों लखीमपुर खीरी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई, व लखनऊ के परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षक कर नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न करवाने में सहयोग करेंगे। प्रत्येक सचल दल में एक दल प्रभारी के साथ दो पुरुष व दो महिला सदस्य रखे गए हैं।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button