Ukraine में बहाल हुई Starlink सेवा, Elon Musk ने बताया क्यों घटाई गई थी इंटरनेट स्पीड
अमेरिका के साथ कुछ दिनों के तनाव के बाद यूक्रेन में स्टारलिंक सेवाएं बहाल कर दी गईं, लेकिन शनिवार को स्पेसएक्स के संस्थापक एलन मस्क ने कहा कि कीव ने इसका इस्तेमाल आक्रामक अभियानों के लिए किया था। चूँकि यह एक नागरिक कमर्शियल सेवा है, इसलिए इसे कभी भी ऐसे कामों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में से एक, मस्क ने कहा कि स्टारलिंक का इस्तेमाल लोगों को मारने के लिए ड्रोन हमलों में कभी नहीं होना चाहिए। उन्होंने यूक्रेन की सेना पर सेवा की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया, जिसकी वजह से उन्हें अपनी सेवाएं धीमी करनी पड़ीं। हालाँकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘स्टारशील्ड’ को अमेरिकी सरकार नियंत्रित करती है, और अब यह उन पर निर्भर है कि वे इसके साथ क्या करना चाहते हैं।
उन्होंने एक्स पर लिखा यूक्रेन की सुरक्षा के लिए स्टारलिंक बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह इकलौता ऐसा सिस्टम है जिसे फिलहाल न तो जैम किया जा सकता है और न ही नष्ट किया जा सकता है। अगर स्टारलिंक को बंद कर दिया जाए, तो यूक्रेन की फ्रंट लाइन तुरंत ढह जाएगी। यह कोई धमकी नहीं है, बल्कि एक हकीकत है। मस्क ने यह भी माना कि युद्ध के शुरुआती दिनों में रूस को यूक्रेन पर पूरी तरह कब्ज़ा करने से रोकने में स्टारलिंक ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने आगे कहा कि यूक्रेन की रक्षा के लिए स्पेसएक्स ने किसी भी अन्य निजी कंपनी की तुलना में कहीं ज़्यादा काम किया है। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि इसके बावजूद, मैं उन पाखंडी और युद्ध भड़काने वाले लोगों से सख्त नफरत करता हूँ, जो लगातार खून-खराबे को बढ़ावा देते हैं, लेकिन इस संघर्ष का कोई व्यावहारिक समाधान नहीं बताते। तुम लोग नरक में जाओ। बात खत्म।



