जेन-जी को साधने में जुटी भाजपा, बूथ के साथ यूथ पर फोकस; तैयार होगा खास प्लान
मथुरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति में नई पीढ़ी यानी जेन-जी को खास जगह देने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अब बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के साथ युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसी रणनीति के तहत जेन-जी को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। सोमवार को मथुरा के फरह स्थित परखम के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में भाजपा और संघ के करीब 54 वरिष्ठ नेताओं की योजना बैठक में ‘बूथ और यूथ’ प्रमुख एजेंडा रहा।
जेन-जी की ऊर्जा और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने की तैयारी
बैठक में नई पीढ़ी के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि बूथ स्तर पर संपर्क मजबूत करने के साथ जेन-जी की ऊर्जा, सोच और राष्ट्रभक्ति की भावना को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके लिए विशेष अभियान चलाने की रणनीति तैयार की जा रही है।
दरअसल, भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपने परंपरागत संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ उन युवाओं तक भी पहुंच बनाना चाहती है, जो पहली बार या हाल के वर्षों में मतदाता बने हैं। पार्टी की कोशिश है कि युवाओं के बीच संवाद, संपर्क और भागीदारी बढ़ाकर उन्हें संगठन का सक्रिय हिस्सा बनाया जाए। राजनीतिक लिहाज से भाजपा इस रणनीति को काफी अहम मान रही है।
आज राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी करेंगे शिरकत
परखम में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक के पहले दिन सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत करीब 54 वरिष्ठ नेताओं ने लगभग 12 घंटे तक चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक का सिलसिला रात करीब 11 बजे तक चला। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल होंगे।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित के मुताबिक, बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्रियों के अलावा राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, जगदीश पटेल, अनंत ओझा, रमापति राम त्रिपाठी, महेंद्रनाथ पांडेय, स्वतंत्र देव, धर्मपाल सिंह लोधी, गीता शाक्य, मांट विधायक राजेश चौधरी और अभिजात मिश्रा समेत करीब 54 पदाधिकारी एवं मंत्री मौजूद रहे।
कई सत्रों में हुई बैठक, रात 11 बजे तक चला मंथन
भाजपा की योजना बैठक अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई। दोपहर में टी-ब्रेक और भोजन के लिए विराम लिया गया। इसके बाद शाम को भी चाय के लिए ब्रेक हुआ और फिर चुनावी रणनीति पर चर्चा जारी रही। रात करीब 11 बजे पहले दिन की बैठक संपन्न हुई।
जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी और श्याम शर्मा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार दोपहर 12 बजे बैठक में शामिल होंगे।
पांच जिलों की पुलिस ने संभाली सीएम योगी की सुरक्षा
भाजपा की इस महत्वपूर्ण बैठक को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा में पांच जिलों की पुलिस फोर्स तैनात रही। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के अनुसार, आगरा, अलीगढ़, मैनपुरी, फिरोजाबाद और हाथरस से पुलिसकर्मियों को बुलाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पांच एएसपी और 19 सीओ को सौंपी गई। इनके साथ पीएसी की दो कंपनियां भी तैनात रहीं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। सुरक्षा में किसी तरह की चूक रोकने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गईं।
इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर एंटी-ड्रोन टीम भी तैनात रही, जो आसमान से होने वाली गतिविधियों पर नजर रख रही थी। अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहकर पूरे सुरक्षा इंतजाम की निगरानी करते रहे।



