
CM पद लेकर रेखा गुप्ता का बड़ा बयान, कहा- ‘नायक’ फिल्म के नायक जैसा महसूस कर रही हूं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि इस पद के लिए चुने जाने के बाद उन्हें हिंदी फिल्म ‘नायक’ के नायक जैसा महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई ‘लॉटरी’ नहीं बल्कि देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान है। ‘एक न्यूज चैनल के कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार तीन साल में यमुना की सफाई सुनिश्चित करेगी, यमुना में नौका सेवा शुरू करेगी और अगले दो वर्षों में तीन ‘लैंडफिल साइट’ को 80-90 प्रतिशत तक कम करेगी।
रेखा गुप्ता भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की अन्य प्राथमिकताएं यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के लोगों को गर्मियों में पानी की कमी और मानसून के दौरान जलभराव का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मुकाबले उन्हें तरजीह दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा, ‘‘किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। यह जीत दिल्ली की जनता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की वजह से है।’’
रेखा गुप्ता ने कहा, ‘‘यह कोई पद नहीं है, यह एक काम और जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के लिए विकसित दिल्ली बनाना है।’’ उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि भारतीय समाज में महिलाओं को ‘‘फ्रंट फुट’’ पर आगे बढ़ने के अवसर नहीं मिलते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान की बात है और इसे लेकर काफी उत्साह है।
गुप्ता ने कहा कि एक महिला को मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करना पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी का एक बहुत ही महत्वपूर्ण दृष्टिकोण है और यह केवल एक ‘‘प्रतीकात्मक बदलाव’’ नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने वाले उच्च पदों पर पदोन्नत करने का एक वास्तविक प्रयास है। गुप्ता ने कहा कि यह एक सपने के सच होने जैसा नहीं है।