फ्लैश न्यूज

Kamarajar Port पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल : 900 मीटर लंबा, 30 मीटर चौड़ा और 30 मीटर गहरा, क्यों खास है? PM ने बताई खासियत

भारत की समुद्री व्यापार क्षमता को मजबूत करने और विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। तमिलनाडु के कामराजार बंदरगाह पर 4,288.26 करोड़ रुपये की लागत से दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दी गई।

इस नए टर्मिनल के शुरू होने से भारत की कंटेनर हैंडलिंग क्षमता में सालाना 20 लाख TEU (20 फुट इक्विवेलेंट यूनिट) का इजाफा होगा। इससे न केवल बड़े-बड़े विदेशी जहाजों को सीधे भारतीय बंदरगाह पर लाने में मदद मिलेगी, बल्कि निर्यात और आयात को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

अब भारत में आसानी से आएंगे दुनिया के बड़े कंटेनर जहाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि यह परियोजना भारत के तीन बड़े लक्ष्यों को मजबूती देगी। इनमें दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की क्षमता बढ़ाना, विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता घटाना और भारतीय निर्यात को वैश्विक बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना शामिल है।

नया टर्मिनल 24,346 TEU तक की क्षमता और 400 मीटर तक की लंबाई वाले बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने में सक्षम होगा। इससे भारत का अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों से संपर्क भी बेहतर होगा।

दो चरणों में होगा निर्माण, 48 महीने में पूरा करने का लक्ष्य

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस परियोजना को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा। इसके लिए डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण (DBFOT) मॉडल अपनाया जाएगा। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा।

पहला चरण: 11 लाख TEU की वार्षिक क्षमता विकसित की जाएगी। इस पर 2,429.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

दूसरा चरण: अतिरिक्त 9 लाख TEU की क्षमता जोड़ी जाएगी। इस पर 1,858.94 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले चरण को ठेका मिलने के 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है।

वहीं, दूसरे चरण का निर्माण 25वें से 48वें महीने के बीच किया जाएगा। इस तरह पूरी परियोजना 48 महीने में तैयार करने की योजना है।

900 मीटर लंबा होगा नया कंटेनर टर्मिनल

इस परियोजना के तहत 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इसकी डिजाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी, जिससे बड़े समुद्री जहाजों को बंदरगाह पर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। निजी कंपनी को 40 साल की रियायत अवधि के लिए टर्मिनल के संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी। परियोजना के लिए चयनित कंपनी निवेश से लेकर निर्माण और परिचालन तक की जिम्मेदारी संभालेगी। इसके अलावा, बंदरगाह प्राधिकरण की ओर से ड्रेजिंग पर अनुमानित 450 करोड़ रुपये अलग से खर्च किए जाएंगे।

ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को मिलेगा फायदा

कामराजार बंदरगाह पर नए टर्मिनल का सबसे बड़ा फायदा दक्षिण भारत के औद्योगिक क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है। चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक एवं आर्थिक क्षेत्र के साथ आसपास के इलाकों से बड़ी मात्रा में सामान का आयात और निर्यात होता है। नई क्षमता विकसित होने से इन उत्पादों की ढुलाई आसान होगी। साथ ही लॉजिस्टिक्स लागत कम करने और भारतीय कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिल सकती है।

क्या बदलेगा भारत के समुद्री व्यापार में?

इस परियोजना का उद्देश्य केवल एक नया कंटेनर टर्मिनल बनाना नहीं है, बल्कि भारत को वैश्विक समुद्री व्यापार के बड़े केंद्रों में शामिल करने की दिशा में आगे बढ़ाना भी है। बड़े कंटेनर जहाजों के सीधे भारतीय बंदरगाहों पर आने से दूसरे देशों के ट्रांसशिपमेंट हब पर निर्भरता घट सकती है। इससे समय और परिवहन लागत की बचत होगी। इसके अलावा, बंदरगाह से जुड़ी गतिविधियों, परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की भी संभावना है।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777