लिंगायत मुद्दे पर कर्नाटक में कांग्रेस का षड्यंत्र नहीं चलेगाः भाजपा
नई दिल्ली। कर्नाटक में लिंगायत समुदाय से जुड़े विवाद को भाजपा ने कांग्रेस का ‘ हिन्दुओं को बांटने और अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण का षड्यंत्र बताया और दावा किया कि प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक मामलों के पार्टी प्रभारी मुरलीधर राव ने खास बातचीत में दावा किया, ‘‘ कर्नाटक में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
यह पूछे जाने पर कि कर्नाटक में लिंगायत समुदाय की एक वर्ग का अलग धर्म घोषित करने की मांग को प्रदेश कांग्रेस खास तौर पर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के समर्थन से भाजपा के लिये क्या चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं, राव ने कहा कि उनकी सम्पूर्ण राजनीति जाति, धर्म, पंथ के आधार पर लोगों को बांटने और तुष्टीकरण की राजनीति के माध्यम से सत्ता हासिल करने की अवधारणा पर आधारित है। कांग्रेस नेतृत्व एक तरफ हिन्दुओं को बांटने और दूसरी तरफ भय दिखाकर किसी न किसी तरह से अल्पसंख्यकों को एक रखने की नीति का अनुसरण कर रहा है। इस रणनीति पर कांग्रेस वर्षो से चल रही है।
भाजपा महासचिव ने कहा कि लिंगायत समुदाय काफी समझादार और संगठित है। लिंगायत समुदाय को बांटने के पीछे कारण समाज और संत समझ चुके हैं। लिंगायत समुदाय को बांटने का कांग्रेस का षड्यंत्र नहीं चलेगा, यह बात कांग्रेस को स्पष्ट रूप से समझ लेनी चाहिए। यह पूछे जाने पर कि एस एम कृष्णा समेत कांग्रेस के कुछ नेताओं के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को किस प्रकार के लाभ मिलने की उम्मीद है, मुरलीधर राव ने कहा कि कृष्णा एक भूतपूर्व मुख्यमंत्री हैं और बहुत वर्षो से राजनीतिक धरातल पर मजबूत नेता रहे हैं जिसका समाज और अनेक वर्गो पर प्रभाव रहा है। इसके अलावा भी कई नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। इसका सबसे अधिक मनोवैज्ञानिक प्रभाव कांग्रेस पर पड़ रहा है कि उसके बड़े नेता पार्टी छोड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कांग्रेस को इसलिये छोड़ रहे हैं क्योंकि वे समझ गये हैं कि कांग्रेस डूबने वाली नाव है। यह यथार्थ है और कर्नाटक में कांग्रेस नेताओं को यह बात स्पष्ट रूप से समझ में आ रहा है। कुछ नेताओं पर कानून अनुपालन एजेंसियों की कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करता ही है।