
भारतीय रेलवे का महिलाओं के लिए बड़ा कदम: रेल सफर होगा सुरक्षित-सुगम, 310 ट्रेनों में लगेंगी अत्याधुनिक महिला बोगियां
महिलाओं के रेल सफर को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। अप्रैल माह से 310 ट्रेनों में नई अत्याधुनिक महिला बोगियां जोड़ी जाएंगी।
इन बोगियों को विशेष रूप से वूमेन फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि यात्रा के दौरान महिलाओं को अधिक सुरक्षा और सुविधा मिल सके। खास बात यह है कि इन कोचों में बेबी फीडिंग के लिए अलग से स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
रेलवे बोर्ड ने अधिकारियों से एक माह के भीतर ऐसी ट्रेनों की सूची मांगी है, जिनमें मांग और आवश्यकता के अनुसार महिला बोगियां लगाई जा सकें। लखनऊ के रास्ते आने-जाने वाली ट्रेनों को भी इस योजना में शामिल किया गया है।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला आरपीएफ जवानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। साथ ही महिला एस्कॉर्ट और फ्रंटलाइन स्टाफ में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे का उद्देश्य महिलाओं को उत्कृष्ट और भरोसेमंद यात्रा अनुभव प्रदान करना है।



