उत्तर प्रदेशफ्लैश न्यूजभारत

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों के सुधार कार्यां की समीक्षा की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश की सड़कों के सुधार कार्यां की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आगामी दिनों में शारदीय नवरात्रि, दशहरा तथा दीपावली आदि पर्व और त्योहारों के दृष्टिगत प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए जारी विशेष अभियान को आगामी 10 अक्टूबर तक सम्पन्न करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्व व त्योहारों पर आवागमन सामान्य की अपेक्षा अधिक होता है। इस दौरान विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में आते हैं। प्रत्येक आदमी के लिए सड़क पर चलना सुखद अनुभव वाला हो, यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। गड्ढा मुक्ति व सड़कों की मरम्मत का काम अच्छी गुणवत्ता के साथ किया जाए।

मुख्यमंत्री ने मण्डी परिषद को निर्देश देते हुए कहा कि किसान सड़कों का सबसे बड़ा उपभोक्ता है। किसानों की सुविधा का खास ध्यान रखते हुए, एफ0डी0आर0 पद्धति से सड़कें बनायी जाएं। इस पद्धति के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों, धन व समय की बचत होती है तथा कार्य की गुणवत्ता में सुधार होता है।

उन्होंने कहा कि मण्डी समिति के अन्तर्गत आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत एवं ड्रेनेज का कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने एन0एच0ए0आई0 के अधिकारियों से संवाद करते हुए कहा कि जब तक हाईवे का निर्माण कार्य पूर्ण न हो जाए, तब तक टोल टैक्स की वसूली न की जाए।

गड्ढा मुक्ति अभियान के लिए विभागीय कार्ययोजना से अवगत होते हुए मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि सड़कों के लिए बजट का कोई अभाव नहीं है। सभी विभागों में बेहतर नियोजन की आवश्यकता है।

सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि सड़क बनाने वाली एजेंसी/ठेकेदार सड़क बनने के अगले 05 वर्ष तक उसके अनुरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएं। इस बारे में नियम-शर्तें स्पष्ट रूप से उल्लिखित की जाएं।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777