राज्यपाल ने मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के समर्थ पोर्टल का उद्घाटन किया
प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज यहाँ राजभवन में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के ‘समर्थ पोर्टल‘ का डिजीटली बटन दबाकर उद्घाटन किया। इसके साथ ही यह विश्वविद्यालय समर्थ के 41 मॉड्यूल के साथ पोर्टल लांच करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बन गया।
इस अवसर पर राज्यपाल जी ने विश्वविद्यालय की समर्थ पोर्टल हेतु कार्य करने वाली समस्त टीम को बधाई दी और कहा कि ‘समर्थ पोर्टल‘ से कुलपतियों का कार्य आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत इस पोर्टल को सभी विश्वविद्यालयों द्वारा लागू किया जाना आवश्यक है।
इसके द्वारा सभी प्रशासनिक एवं अकादमिक कार्यों का डिजिटल सम्पादन हो सकेगा। प्रत्येक कार्य की प्रगति, वस्तुस्थिति को एक क्लिक दे देखा जा सकेगा। उन्होंने समर्थ पोर्टल डेवलेप करने वाली दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम को उनके उल्लेखनीय कार्य करने के लिए बधाई का पात्र बताया और कहा कि इसका क्रियान्वयन अब पूरे देश में हो रहा है। ये पोर्टल विश्वविद्यालय की प्रत्येक गतिविधि के लिए उपयोगी है।
इसी क्रम में राज्यपाल जी ने कहा कि ये पोर्टल विद्यार्थियों और शिक्षकों सभी के लिए भी उपयोगी है। पोर्टल लागू होने से सभी जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी। नए कुलपतियों को पुराने सभी विवरण सुविधापूर्वक उपलब्ध हो सकेंगे। राज्यपाल जी ने पोर्टल के उपयोग से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि पोर्टल उपयोग की जानकारी रखने से विद्यार्थी विश्वविद्यालय शिक्षा उपरांत भी जुड़े रहेंगे और गतिविधियों में साझेदारी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विश्वविद्यालय की अलग-अलग आवश्यकताएं हो सकती हैं, विश्वविद्यालय अपनी आवश्यकतानुसार पोर्टल अपडेशन के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की समर्थ पोर्टल की टीम से सम्पर्क कर सकते हैं।