देश के टॉप-10 अस्पतालों में एसजीपीजीआई, हासिल की 7वीं रैंक
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ने चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। द वीक-हंसा रिसर्च बेस्ट हॉस्पिटल्स सर्वे 2026 में संस्थान ने देश के सर्वश्रेष्ठ मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों की सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया है। खास बात यह है कि इस रैंकिंग में सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के अस्पताल शामिल हैं। वहीं, देश के राजकीय मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों की श्रेणी में एसजीपीजीआई ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में एम्स नई दिल्ली और पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ के बाद संस्थान का स्थान रहा।
सर्वेक्षण में एसजीपीजीआई ने क्षेत्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन किया है। लखनऊ के अस्पतालों में संस्थान को पहला, उत्तर भारत के मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों में पांचवां और उत्तरी क्षेत्र के राजकीय मल्टीस्पेशियलिटी अस्पतालों में तीसरा स्थान मिला है।
पांच मानकों पर परखा गया प्रदर्शन
एसजीपीजीआई की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 का यह सर्वेक्षण देश के 19 प्रमुख शहरों और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के अस्पतालों को शामिल करते हुए किया गया। इसमें दस प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञताओं का भी मूल्यांकन किया गया। अस्पतालों की रैंकिंग के लिए पांच प्रमुख मानक तय किए गए थे। इनमें समग्र प्रतिष्ठा, चिकित्सकों की दक्षता, आधारभूत संरचना एवं सुविधाएं, अनुसंधान एवं नवाचार तथा रोगी देखभाल शामिल हैं। इन मानकों के आधार पर अस्पतालों की चिकित्सा गुणवत्ता, विशेषज्ञता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का आकलन किया गया।
पांच विशेषज्ञताओं में भी संस्थान का दबदबा
समग्र रैंकिंग के अलावा एसजीपीजीआई को पांच प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञताओं में भी उल्लेखनीय स्थान मिला है। इनमें पल्मोनोलॉजी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, डायबिटीज केयर और कार्डियोलॉजी शामिल हैं।



