604 किलोमीटर की दूरी, 10 स्टेशनों पर ठहराव, 19 घंटे में पूरा होगा अयोध्या से जनकपुर तक का सफर
अयोध्या को नेपाल के जनकपुर से जोड़ने वाली नई ट्रेन सेवा सरयू- कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी और 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन 10 स्टेशनों से गुजरेगी। अधिकारियों ने कहा कि यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी, जबकि जनकपुर धाम से यह प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी।
इससे दोनों धार्मिक केंद्रों के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि 17-कोच लिंक-हॉफमैन-बुश (एलएचबी) रेक वाली इस ट्रेन में 1,158 यात्रियों की क्षमता होगी और इसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर कोच, एक सीटिंग कोच और एक पावर कोच होंगे।
यात्रा के दौरान यात्रियों को टिकट के साथ वही पहचान पत्र दिखाना होगा, जिसका विवरण बुकिंग के समय दिया गया है। रेलवे ने सीटों का भी विशेष बंटवारा किया है। कुल उपलब्ध सीटों में से 70 प्रतिशत सीटें पूरी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए और 30 प्रतिशत सीटें बीच के स्टेशनों से सफर करने वालों के लिए निर्धारित की गई हैं।
तत्काल से लेकर वरिष्ठ नागरिकों की रियायत तक नहीं मिलेगी
सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रा करने वाले यात्रियों को कई सुविधाओं से वंचित रहना होगा। इस ट्रेन में तत्काल और प्रीमियम तत्काल टिकट की बुकिंग नहीं होगी। वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली किराये में छूट भी लागू नहीं होगी। इसके अलावा महिला और वीआईपी कोटा की सुविधा भी नहीं मिलेगी।



