Donald Trump ने शी चिनफिंग से की मुलाकात, अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने का रखा प्रस्ताव
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की और इस दौरान उन्होंने दोनों नेताओं के बीच दोस्ती और होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल की आवाजाही जारी रखने में उनकी साझा रुचि की सराहना की। ईरान युद्ध के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य हमलों का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। ट्रंप ने संकेत दिया कि वह शी चिनफिंग से अमेरिका से अधिक कृषि उत्पाद खरीदने का आग्रह करेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं आपसे हमारे किसानों के लिए कुछ और अधिक करने का अनुरोध करूंगा।’’ वहीं, शी चिनफिंग ने कहा कि ट्रंप के प्रयासों को ‘‘इतिहास में दर्ज किया जाएगा’’ और वह अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों नेताओं की यह बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस साल ट्रंप और शी चिनफिंग के बीच यह तीसरी महत्वपूर्ण मुलाकात थी।
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापार और तकनीक को लेकर मतभेद हैं। अमेरिका और चीन के बीच कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में बढ़त हासिल करने की होड़ भी पिछले दो सप्ताह में और तेज हुई है। ट्रंप ने चीन की उन्नत कंप्यूटर चिप तक पहुंच पर कड़े प्रतिबंध लगाने से परहेज किया।
उन्होंने संकेत दिया कि वह चीन को नाराज करके दोनों देशों के संबंधों को और खराब नहीं करना चाहते। एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से पहले अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने चीन के उपप्रधानमंत्री हे लिफेंग से मुलाकात की थी। अमेरिकी अधिकारियों ने इस बैठक के बाद कहा कि चीन ने पिछले साल ट्रंप और शी चिनफिंग की मुलाकात के दौरान किए गए वादों को पूरी तरह पूरा नहीं किया है।
इनमें अमेरिका से अधिक कृषि उत्पाद खरीदने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले दुर्लभ मृदा खनिजों की बिक्री पर लगी पाबंदियों में ढील देने की प्रतिबद्धता शामिल थी। पिछले साल दोनों देशों के बीच एक-दूसरे पर शुल्क (टैरिफ) बढ़ाने के बाद व्यापार को लेकर जो अस्थायी सहमति बनी थी, वह अगले साल 10 जनवरी को समाप्त होने वाली है। ट्रंप अक्सर व्यापार को विदेश नीति के एक औजार के रूप में इस्तेमाल करते रहे हैं।
इस बीच, चीन और रूस ने अमेरिका के साथ ईरान के युद्ध के दौरान भी व्यापार के जरिए ईरान को समर्थन दिया है। इस युद्ध के कारण ऊर्जा की कीमतें बढ़ी हैं और वैश्विक आर्थिक विकास की रफ्तार प्रभावित हुई है।



