माइक्रोसॉफ्ट की Outlook और 365 सर्विस ठप, दुनियाभर के यूजर्स परेशान; एक लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज
दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल माइक्रोसॉफ्ट की ईमेल सेवा आउटलुक और माइक्रोसॉफ्ट 365 में गुरुवार देर रात तकनीकी खराबी आ गई। सर्वर ठप होने से भारत समेत दुनियाभर के लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूजर्स न तो ठीक से ईमेल भेज पा रहे हैं और न ही उन्हें रिसीव कर पा रहे हैं। कई लोगों को अपने अकाउंट में लॉग-इन करने में भी दिक्कत हो रही है। कंपनी ने इस आउटेज की पुष्टि करते हुए कहा है कि तकनीकी समस्या के कारण कई क्षेत्रों में सर्विस कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। माइक्रोसॉफ्ट की टीम इसे ठीक करने में जुटी है।
एक लाख से ज्यादा यूजर्स ने दर्ज कराई शिकायत
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस गड़बड़ी का असर दुनियाभर के दफ्तरों और कामकाज पर भी पड़ रहा है। ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, आउटलुक में समस्या की शुरुआत अमेरिकी समय के अनुसार दोपहर करीब एक बजे हुई। इसके बाद शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। आउटेज के चरम पर आउटलुक से जुड़ी एक लाख से ज्यादा रिपोर्ट दर्ज की गईं।
वहीं, माइक्रोसॉफ्ट 365 को लेकर भी 15 हजार से अधिक यूजर्स ने शिकायत की। सर्विस में आई इस बाधा के चलते ईमेल और अन्य ऑनलाइन कामकाज प्रभावित हुआ।
माइक्रोसॉफ्ट ने क्या कहा?
माइक्रोसॉफ्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सर्विस आउटेज की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, उसकी तकनीकी टीम इस समस्या की जांच कर रही है और सेवाओं को सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शुरुआत में माना जा रहा था कि यह परेशानी अमेरिका तक सीमित है, लेकिन बाद में कंपनी ने इसके वैश्विक स्तर पर असर डालने की आशंका जताई। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि समस्या के कारण किसी भी क्षेत्र के यूजर्स के लिए माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस कनेक्टिविटी प्रभावित हो सकती है। कंपनी फिलहाल इसके प्रभाव को कम करने और सेवाएं बहाल करने पर काम कर रही है।
60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर भी दे चुकी है कंपनी
गौरतलब है कि हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट ने दुनियाभर में अपने करीब 60 हजार कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया था। कंपनी का यह कदम ऐसे समय सामने आया, जब वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर अरबों डॉलर खर्च कर रही है।
हालांकि, इस योजना का मतलब यह नहीं है कि सभी पात्र कर्मचारियों की नौकरी खत्म की जाएगी। कंपनी ने स्पष्ट किया था कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य उन कर्मचारियों को सहायता देना है, जो माइक्रोसॉफ्ट से बाहर अपने करियर के नए विकल्प तलाशना चाहते हैं।



