SP Ashok Kumar Meena : हरदोई SP अशोक कुमार मीणा को राष्ट्रपति वीरता पदक, बोले- पुलिसिंग में आया बड़ा बदलाव
अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में आयोजित समारोह में उन्हें पदक प्रदान कर अलंकृत किया। सम्मान मिलने पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने इसे गर्व का पल बताया।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पुलिसिंग में काफी बदलाव आया है। पुलिस के काम करने के तरीके में बदलाव के साथ अपराधियों में पुलिस का डर बढ़ा है। गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित राष्ट्रपति वीरता पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों में एसपी अशोक कुमार मीणा भी शामिल थे।
एसटीएफ-पीएसी समेत कई पुलिसकर्मी सम्मानित
समारोह में एसटीएफ, पीएसी और प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी वीरता पदक प्रदान किए गए। पुलिसकर्मियों को उनके अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नगद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
निरीक्षक सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराने में साहस का परिचय दिया था। कर्तव्य पालन के दौरान वह वीरगति को प्राप्त हुए थे। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।
मुख्यमंत्री वीरता पदक से भी पुलिसकर्मी अलंकृत
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित मुख्यमंत्री वीरता पदक से भी प्रदेश के कई पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। इनमें बुलंदशहर के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, एसटीएफ के उपनिरीक्षक केशव शांडिल्य, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, मथुरा के उपनिरीक्षक अजय कुमार वर्मा और एसटीएफ के निरीक्षक घनश्याम यादव समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। समारोह में पुलिसकर्मियों के शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मानित करते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया गया।



