UP Police : शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार की पत्नी को CM योगी ने किया सम्मानित, वीरता पदक पाने वाले पुलिसकर्मियों को भी अलंकरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को नगद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
निरीक्षक सुनील कुमार ने 20 जनवरी 2025 को शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार अपराधियों को मार गिराने में अदम्य साहस का परिचय दिया था। कर्तव्य पालन के दौरान वह वीरगति को प्राप्त हुए। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उन्हें मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई थी।
गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर घोषित राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित
पुलिसकर्मियों में एसटीएफ के आरक्षी देवदत्त सिंह, राजन कुमार, रितुल कुमार वर्मा, नवमी वाहिनी पीएसी मुरादाबाद के सेनानायक निपुण अग्रवाल, गौतमबुद्धनगर के अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह, मेरठ के उपनिरीक्षक मुन्ने सिंह, गाजियाबाद के आरक्षी नीरज कुमार पाल, हरदोई के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, संभल के पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप कुमार, शाहजहांपुर के निरीक्षक गीतेश कपिल, सहारनपुर के आरक्षी प्रवीण अहलावत, एसटीएफ के निरीक्षक अमित और उपनिरीक्षक अंगद सिंह यादव, लखनऊ की पुलिस उपायुक्त डॉ. दीक्षा शर्मा, गाजियाबाद के आरक्षी संदीप कुमार और निरीक्षक रिपुदमन सिंह शामिल हैं।
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर घोषित मुख्यमंत्री वीरता पदक से बुलंदशहर के निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, एसटीएफ के उपनिरीक्षक केशव शांडिल्य, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, मथुरा के उपनिरीक्षक अजय कुमार वर्मा, एसटीएफ के निरीक्षक घनश्याम यादव, मैनपुरी के उपनिरीक्षक अवनीश कुमार त्यागी, एसटीएफ के आरक्षी अमित त्रिपाठी व निरीक्षक अमित, गाजियाबाद कमिश्नरेट के निरीक्षक मनीष बिष्ट और मुख्य आरक्षी रणधीर सिंह को अलंकृत किया गया।



