
मुंबई में निर्माणाधीन भवन में आग लगने से छह की जलकर मौत
मुंबई। मुंबई के उपनगरीय जुहू में एक निर्माणाधीन भवन (Under construction) में आग लगने से छह लोगों की जलकर मौत हो गयी जबकि 11 अन्य लोग झुलस गये। अधिकारियों ने आज बताया कि प्रभावित सभी लोग मजदूर हैं और हादसे के समय वहीं मौजूद थे। दमकल विभाग के प्रमुख प्रभात रहांगडले ने कहा कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे भवन के भूतल पर आग लगी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचने के बाद तुरंत आग पर काबू पा लिया।
उन्होंने कहा, हालांकि आग लगने से वहां रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया जिससे भवन में कई लोग घायल हो गये। हादसे के वक्त वहीं परिसर में बने अस्थाई बसेरे में करीब 17 लोग मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने से पहले ही करीब 10 लोगों को वहां से बाहर निकाल लिया। बाद में दमकल कर्मियों में सात और लोगों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि छह लोगों की जलने से मौत हो गयी। उनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।