भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ’, APO परीक्षा रद्द होने पर अखिलेश यादव ने कसा तंज
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द होने के बाद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले ने भाजपा के ‘आरक्षण विरोधी’ चेहरे को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।
सपा प्रमुख ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सच्चे न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी है। उनके मुताबिक, हाईकोर्ट ने आरक्षण की हकमारी रोकने के लिए एपीओ प्रारंभिक परीक्षा-2025 का परिणाम रद्द किया है। उन्होंने इसे वंचित वर्गों के अधिकारों से जुड़ा मामला बताया।
BJP सरकार में रद्द हुई यह 22वीं परीक्षा
अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में रद्द होने वाली परीक्षाओं में यह 22वीं परीक्षा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में नहीं है। सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को भी पता था कि मामला अदालत में नहीं टिकेगा और परीक्षा रद्द हो जाएगी। ऐसे में न नौकरी देनी पड़ेगी, न आरक्षण का पालन करना होगा और न ही किसी को वेतन देना पड़ेगा। उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, ”नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं।”
मेरिट में आने वाले पिछड़े-दलित अभ्यर्थियों के अधिकारों का मुद्दा उठाया
सपा प्रमुख ने कहा कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में स्थान पाने के पात्र पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए के अधिकारों पर चोट है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही पालन किए जाने की मांग की।
50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की मेहनत पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने एपीओ भर्ती परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदों का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा तैयारी और परीक्षा का खर्च अभ्यर्थी ही क्यों उठाएं? उन्होंने कहा कि पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए अभिभावकों ने अपनी कमाई खर्च की है। अब दोबारा परीक्षा की तैयारी और उससे जुड़े मानसिक तनाव का सामना भी अभ्यर्थियों को ही करना पड़ेगा। अखिलेश ने कहा कि इसके लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
सपा सरकार बनने पर भर्ती नियमों के पालन का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि दोषी भाजपा सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इससे युवाओं को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा नहीं खटखटाना पड़ेगा। अपनी पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने नारा दिया, ”भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ!
हाईकोर्ट ने क्यों रद्द किया एपीओ प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम?
गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 25 नवंबर को यूपीपीएससी की एपीओ भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का घोषित परिणाम रद्द कर दिया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित श्रेणी सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए खुली है। मेरिट के आधार पर आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को भी अनारक्षित सूची में जगह मिल सकती है।
न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम ने आयोग को संशोधित प्रारंभिक परिणाम तैयार करने और उसके आधार पर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश दिया है। अदालत ने यूपीपीएससी के 9 जनवरी 2020 के उस कार्यालय ज्ञापन को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत मेधावी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित श्रेणी में समायोजित करने की व्यवस्था केवल अंतिम चयन के चरण तक सीमित थी।



