US टैरिफ धमकियों के बीच भारत का जवाब : ट्रेड डील पर बात जारी, USTR के दावे को किया खारिज
अमेरिका की टैरिफ लगाने की धमकी के बीच भारत ने अपना रुख साफ कर दिया है। भारत ने कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा उत्पादन यानी ‘स्ट्रक्चरल ओवरकैपेसिटी’ नहीं है। साथ ही, भारत ने यह भी स्पष्ट किया है कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है और दोनों देश आपसी चिंताओं का समाधान बातचीत से निकाल सकते हैं।
अमेरिका ने क्यों दिखाई टैरिफ की सख्ती?
दरअसल, अमेरिका ने भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण क्षेत्र की नीतियों की जांच की है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) का आरोप है कि इन देशों की कुछ नीतियों से अमेरिकी कारोबार को नुकसान पहुंच रहा है।
इसी जांच के आधार पर अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, भारत के साथ ऐसा व्यापार समझौता होने पर, जो अमेरिकी चिंताओं का समाधान करे, यह दर घटकर 17 प्रतिशत तक रह सकती है।
भारत ने क्या कहा?
भारत के वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की ओर से जारी नोटिस का संज्ञान लिया है और फिलहाल उसकी समीक्षा की जा रही है। मंत्रालय ने साफ शब्दों में कहा कि जांच के दौरान भारत ने अमेरिका के साथ पूरा सहयोग किया है। भारत ने पहले भी स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी विनिर्माण क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। भारत का कहना है कि व्यापार से जुड़ी समस्याओं का समाधान टैरिफ की धमकियों से नहीं, बल्कि बातचीत और आपसी सहमति से होना चाहिए।
25% से 17% तक कैसे आ सकता है टैरिफ?
अमेरिका ने भारतीय सामानों पर अधिकतम 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। लेकिन भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हो जाता है और उसमें अमेरिकी चिंताओं का समाधान निकलता है, तो प्रस्तावित दर 17 प्रतिशत तक हो सकती है। इस प्रस्ताव में पहले से लागू सेक्शन 301 शुल्क को भी ध्यान में रखा जाएगा। कुछ उत्पादों को शुल्क से छूट देने का प्रावधान भी है। इसके अलावा, राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सेक्शन 232 के शुल्कों में बदलाव पर भी विचार किया जा सकता है।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर क्या है स्थिति?
भारत सरकार ने दोहराया है कि वह 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है। भारत चाहता है कि व्यापार से जुड़े सभी मुद्दों को इसी समझौते के जरिए सुलझाया जाए।
क्या है सेक्शन 301?
सेक्शन 301 अमेरिका के व्यापार कानून का एक प्रावधान है। इसके तहत अमेरिकी सरकार उन देशों के खिलाफ व्यापारिक कार्रवाई कर सकती है, जिनकी नीतियों को वह अमेरिकी व्यापार के लिए अनुचित या नुकसानदायक मानती है। कुल मिलाकर, अमेरिका की टैरिफ सख्ती के बीच भारत ने साफ कर दिया है कि वह अपने विनिर्माण क्षेत्र में अतिरिक्त उत्पादन की अमेरिकी दलील से सहमत नहीं है। हालांकि, भारत बातचीत का रास्ता खुला रखना चाहता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता टैरिफ विवाद को कितना कम कर पाता है।



