कांग्रेस ने मांगीं 181 सीटें, सपा के साथ गठबंधन पर आज से शुरू होगी बातचीत
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर मंगलवार को नई दिल्ली में औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। कांग्रेस ने प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों पर अपना दावा पेश करते हुए सपा को एक सूची सौंपी है। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीटों के बंटवारे को लेकर साफ किया है कि उन्हीं दलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनकी संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में जीतने की मजबूत संभावना होगी।
इधर, कांग्रेस ने भी आगामी चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित 10 राजाजी मार्ग पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात की समीक्षा के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
इस अहम बैठक में कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।
बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि चर्चा का प्रमुख एजेंडा उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां और आगामी विधानसभा चुनाव रहे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ राज्य की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों पर विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और सामाजिक न्याय, समान अवसरों तथा वंचित समुदायों के अधिकारों को मजबूती देने की अपेक्षा रखती है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत राजनीतिक विकल्प पेश करेगी।



