
उद्धव मंत्रिमंडल में जल्द हो सकता है फेरबदल, अपने दो मंत्रियों को बदलना चाहती है कांग्रेस
मुंबई – महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल में फेरबदल कर सकती है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के मंत्रियों को बदलने की कवायद शुरू हो चुकी है। कांग्रेस ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से अपने दो मंत्रियों को बदलने की गुजारिश की है।
कांग्रेस के एक मंत्री ने बताया कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) ने महाराष्ट्र में पार्टी के मंत्रियों को बदलने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल के दो सदस्यों को हटाने और उनकी जगह में दो नए मंत्रियों को शामिल करने का प्रस्ताव दिया है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि एआईसीसी ने हाल ही में उद्धव मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस के सदस्यों के कामकाज की समीक्षा की और महसूस किया गया कि बेहतर काम ना करने वाले मंत्रियों को बदला जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के समय में कुछ सदस्य एक्टिव नहीं थे। ऐसे लोगों को कांग्रेस ने सूची भी तैयार कर ली है।
इसके अलावा एआईसीसी विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए जल्द चुनाव चाहती है। इस पद पर पहले नाना पटोले थे। जिन्हें महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई का अध्यक्ष बना दिया गया। कांग्रेस के मंत्री के हवाले में रिपोर्ट में लिखा गया कि नाना पटोल उद्धव मंत्रिमंडल में जगह चाहते हैं।
कांग्रेस नेता ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे और एचके पाटिल मंगलवार को मुंबई में थे। और उन्होंने मंत्रिमंडल में सीमित विस्तार को लेकर चर्चा की। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के लिए गुप्त मतदान (सीक्रेट वोटिंग) के स्थान पर हाथ उठाकर वोट डालने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। ताकि क्रॉस वोटिंग की कोई गुंजाइश न रहे।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस के गठबंधन वाली महाविकास अघाड़ी सरकार है। जो लगातार अपने नेताओं के बयानों की वजह से सुर्खियों में छाई रहती है।