उत्तर प्रदेश

आकांक्षात्मक विकास खण्डों में युवा, ऊर्जावान और विजनरी अधिकारियों की तैनाती की जाए

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नीति आयोग द्वारा चिन्हित प्रदेश के 08 आकांक्षात्मक जनपदों (बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चंदौली, फतेहपुर, चित्रकूट, बहराइच और श्रावस्ती) में विकास के सभी मानकों पर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत रियल टाइम मॉनीटरिंग डैशबोर्ड (चैम्पियन ऑफ चेंज) रैंकिंग में इन जनपदों ने अच्छा स्थान प्राप्त किया है। देश के कुल 112 आकांक्षात्मक जनपदों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों की नवीनतम सूची में प्रदेश केे 05 जनपद शीर्ष 10 में शामिल हैं। जनपद बलरामपुर प्रथम स्थान पर है। यह स्थिति संतोषजनक है।

मुुख्यमंत्री आज लोक भवन में आहूत एक उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश के आकांक्षात्मक जनपदों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने निर्देशित किया कि आकांक्षात्मक जनपदों के तय विकास मानकों के सम्बन्ध में अद्यतन स्थिति का सतत् आकलन किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि डेटा सटीक, त्रुटिरहित और सही स्थिति को परिलक्षित करे। साथ ही, डेटा की जांच के लिए स्वतंत्र एजेंसी/संस्थाओं का सहयोग लेने पर भी विचार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षात्मक जनपदों की तर्ज पर ही 100 आकांक्षात्मक विकासखण्डों को चयन कर इनके सामाजिक, आर्थिक सुधार के लिए विशिष्ट प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य और पोषण, शिक्षा, कृषि और जल संसाधन, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास तथा आधारभूत संरचना के विविध मानकों पर इन आकांक्षात्मक विकासखण्डों के समग्र विकास के लिए प्रयास किए जाए। विकास इण्डीकेटर में बी0सी0 सखी, ग्राम सचिवालय, अमृत सरोवर जैसे दूरगामी परिणामदायक प्रयासों को भी सम्मिलित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मार्च 2022 को बेसलाइन मानते हुए चयनित इण्डीकेटर पर ब्लॉकवार अद्यतन सूचना वर्तमान माह के अंत तक एकत्रित कर ली जाए। इसके उपरान्त हर माह की 15 तारीख तक सम्बन्धित जनपदों द्वारा अद्यतन प्रगति विवरण फीड किया जाए। इसकी पुष्टि सम्बन्धित विभागों द्वारा भी कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षात्मक विकास खण्डों की सतत् मॉनीटरिंग और वास्तविक स्थिति के सटीक आकलन के लिए आई0आई0टी0 कानपुर और आई0आई0एम0 लखनऊ के विद्यार्थियों का सहयोग लिया जाए। राज्य सरकार के प्राविधिक एवं तकनीकी विश्वविद्यालयों/संस्थानों के विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आकांक्षात्मक विकास खण्डों में तैनात होने वाले खण्ड विकास अधिकारी को अन्यत्र किसी और ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार न दिया जाए। इन क्षेत्रों में अपेक्षाकृत युवा, ऊर्जावान और विजनरी अधिकारियों की तैनाती की जाए। संबंधित एस0डी0एम0 को इस विकास खण्ड का नोडल अधिकारी नामित किया जाए। यह नोडल अधिकारी विकास खण्ड में होने वाले विकास कार्यों, उपलब्ध कराए जा रहे डेटा की शुचिता और वास्तविकता के प्रति जवाबदेह होगा।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button