बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि हुई है, जिसके परिणामस्वरूप जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र और अन्य अधिकारियों के साथ जिले के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री शाही ने घाघराघाट स्थित केंद्रीय जल आयोग के गेज स्टेशन पहुंचकर नदियों के जल स्तर के बारे में जानकारी प्राप्त की। मौके पर मौजूद अधि.अभि. सरयू ड्रेनेज खण्ड जे.पी. वर्मा ने प्रभारी मंत्री को नदियों के रूझान, जल स्तर और वाटर डिस्चार्ज के बारे में विस्तृत जानकारी दी। गेज स्टेशन के निरीक्षण के बाद, प्रभारी मंत्री शाही ने घाघराघाट स्थित बाढ़ चौकी और चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बाढ़ चौकी पर मौजूद ग्रामीणों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ जी बाढ़ को लेकर अत्यंत संवेदनशील हैं। उन्होने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आपदा के दौरान प्रदेश सरकार, शासन और प्रशासन उनके साथ है। घाघराघाट बाढ़ चौकी के निरीक्षण के बाद, शाही ने तहसील महसी के ग्राम पूरे सीताराम में स्थापित बाढ़ शरणालय पहुंचकर विधायक महसी सुरेश्वर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, डीएम और अन्य के साथ कटान प्रभावित लोगों को खाद्यान्न किट का वितरण किया।
प्रभारी मंत्री शाही ने ग्रामीणों से कहा कि जनपद के बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत एवं बचाव कार्यों के लिए योगी सरकार अत्यंत संवेदनशील है और कार्यों की नियमित रूप से निगरानी भी की जा रही है। प्रभारी मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि भोजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए प्रभावित लोगों को समय से भोजन उपलब्ध कराया जाए।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए
नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।