सेंसेक्स-निफ्टी ने भरी उड़ान, रुपया 21 पैसे मजबूत… ट्रेड डील और FII खरीदारी ने दिया बूस्ट
मुंबईः रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.44 पर पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने के बाद सकारात्मक बाजार भावना से घरेलू मुद्रा को बल मिला।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये ने हालांकि कमजोर शुरुआत की लेकिन जल्द ही अपनी खोई हुई बढ़त हासिल करके सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने लगा। भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की शनिवार को घोषणा की थी जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।
इसके अलावा, डॉलर सूचकांक में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान ने निवेशकों के विश्वास को और मजबूत किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर खुला। फिर कुछ बढ़त हासिल करते हुए 90.44 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को 31 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.65 पर बंद हुआ था।


