
कोहरे और कड़ाके की ठंड की चपेट में संगम नगरी, 22 दिसंबर तक नहीं मिलने वाली राहत
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में संगम नगरी प्रयागराज गुरुवार को लगातार दूसरे दिन गलन से ठिठुरती रही। बुधवार देर रात से पसरा घना कोहरा गुरुवार सुबह तक छटां नहीं था। शहर में सुबह और रात के समय सर्द हवाओं के चलते ठिठुरन बढ़ गई है। ठंड के असर से आम जनजीवन के साथ-साथ कारोबार और यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
इलाहाबाद विश्व विद्यालय के मौसम विज्ञानी प्रो. शैलेंद्र रॉय बताते हैं कि 18 से 22 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में घने कोहरे बने रहने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट भी बनी रहेगी। उन्होंने कहा, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर पूरे प्रदेश में दिख रहा है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड में इजाफा हुआ है।
न्यूनतम तापमान 12 से 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। आज सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर गाडियों व रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की रफ्तार थम गई है। इससे ट्रेनें घंटों देरी से स्टेशनों तक पहुंच रही हैं।



