स्टार्टअप दिग्गजों से मिले पीएम मोदी, कृषि,शिक्षा के सेक्टर में एआई व डीपटेक की संभावनाओं पर चर्चा की
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एआई व डीपटेक स्टार्टअप के मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ शुक्रवार को बैठक की और कृषि, पर्यावरण संरक्षण एवं मातृभाषा में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने जैसे क्षेत्रों में कृत्रिम मेधा (एआई) प्रौद्योगिकी के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। प्रधानमंत्री के साथ आयोजित गोलमेज बैठक में 16 एआई एवं डीपटेक स्टार्टअप के सीईओ तथा संस्थापकों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रधानमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, मोदी ने मजबूत ‘डेटा गवर्नेंस’ की आवश्यकता पर जोर दिया, दुष्प्रचार के प्रति सावधान रहने को कहा और भारत की जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस) को सरल एवं व्यापक डिजिटल नवाचार का उदाहरण बताते हुए भारतीय कंपनियों पर विश्वास जताया और घरेलू उत्पादों पर भरोसा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी भागीदारी बढ़ाने की बात भी कही और भारतीय स्टार्टअप में निवेशकों की मजबूत रुचि का उल्लेख किया। कृषि व पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में एआई प्रौद्योगिकी के उपयोग पर चर्चा करते हुए उन्होंने फसल उत्पादकता और उर्वरक उपयोग की निगरानी के जरिये मिट्टी के स्वास्थ्य की रक्षा करने की संभावनाओं पर विचार साझा किए।



