
हमारा लक्ष्य मलेशिया के साथ रक्षा व आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना है: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत मलेशिया के साथ रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक और नवोन्मेष के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ाने पर विचार कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दक्षिणपूर्व एशियाई देश मलेशिया की दो दिवसीय यात्रा पर रवाना हो गए। मोदी ने मलेशिया की यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को गहरा करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।



