
अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर गांवों को भी बनाएं स्मार्ट, बोले केशव प्रसाद मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गांवों के विकास को मुख्य धारा को जोड़ने के लिए गांव चलो अभियान के क्रम में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
रविवार देर शाम रुदौली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रानीमऊ के खेल मैदान में गांव चलो अभियान चौपाल का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव ने महिला सशक्तिकरण के उदाहरण के रूप में मवई ब्लॉक के दुल्लापुर गांव निवासी अर्चना साहू के विषय में परिचय दिया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 403 विधान सभा सीट में सबसे अधिक काम लाने में रुदौली विधायक रामचंद्र यादव का नाम सबसे आगे है।
उन्होंने कहा डबल इंजन की सरकार जो कहती हैं वह करके दिखाती हैं। खाद्य रसद विभाग के स्टाल के अधिकारियों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर गांवों को भी स्मार्ट गांव बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना होगा।
उन्होंने कहा कि सपा के मुखिया अखिलेश यादव और कांग्रेस के मुखिया सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकरा दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, मवई ब्लॉक प्रमुख राजीव तिवारी, किशोरी लाल भारती, भाजपा जिला मंत्री धर्मेंद्र सिंह, रघुनंदन चौरसिया, ग्राम प्रधान पुष्पा मिश्रा, सुनील मिश्रा,अंजनी साहू, उपजिला अधिकारी अंशिका दीक्षित आदि मौजूद रहे।