
मोदी, आबे देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का भूमि पूजन करेंगे
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिंजो आबे आगामी 14 सितंबर को मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना का भूमि पूजन कार्यक्रम साबरमती रेलवे स्टेशन के निकट होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 98,000 करोड़ रूपये है। दोनों नेता यहां तीन दिन तक रह सकते हैं और उनकी यात्रा 13 सितंबर से आरंभ होगी।
अधिकारी ने कहा, ‘‘जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे और हमारे प्रधानमंत्री 13 सितंबर की दोपहर गुजरात पहुंचेंगे। अगली सुबह वे हाईस्पीड रेल परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों के 15 सितंबर की सुबह यहां से रवाना होने की संभावना है।’’ अधिकारी ने कहा कि इस परियोजना के अलावा दोनों नेताओं की मौजूदगी में निवेश और सहयोग से जुड़े कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
यह हाईस्पीड रेलवे लाइन अहमदाबाद और मुंबई के बीच होगी। ट्रेन की रफ्तार करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और 508 किलोमीटर की दूरी तय करने में इसे दो घंटे लगेंगे। इसके 2023 तक शुरू होने की उम्मीद है। इस परियोजना की लागत का 81 फीसदी जापान से कर्ज के तौर पर लिया जाएगा।