विविध

सुषमा स्वराज ने नेपाल के प्रधानमंत्री को पानी पिलाया

नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज गुरुवार को एक बेहतरीन मेजबान की भूमिका में नजर आईं। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जब संयुक्त प्रेस वार्ता कर रहे थे, उस वक्त देउबा को खांसी आ गई। देउबा को खांसते देखकर सुषमा ने तुरंत उन्हें एक गिलास पानी पीने को दिया। स्थानीय हैदराबाद हाउस में व्यापक द्विपक्षीय वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने मीडिया को संबोधित किया। जब देउबा अपना संबोधन खत्म करने वाले थे कि तभी वह खांसने लगे और उनकी आवाज में थोड़ी घरघराहट आ गई। देउबा को खांसते देख सामने की पंक्ति में बैठीं सुषमा ने अधिकारियों का इंतजार नहीं किया और खुद उठकर उनके पास गईं। उस वक्त देउबा पोडियम से अपना बयान पढ़ ही रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सामने रखी पानी की बोतल का ढक्कन खोला, जबकि सुषमा ने गिलास में पानी डाला और उसे नेपाली प्रधानमंत्री को दिया। दोनों पक्षों के अधिकारी जब तक कुछ करते तब तक सुषमा देउबा को पानी की पेशकश कर चुकी थीं। इन सबसे बेखबर देउबा कुछ पल तक अपना बयान पढ़ते रहे। फिर उन्हें अहसास हुआ कि सुषमा गिलास हाथ में लिए उनका इंतजार कर रही हैं।

इस पर चकित देउबा ने कहा, ‘‘माफ करें, मेरा गला खराब हो गया।’’ यह कहकर उन्होंने सुषमा के हाथों से पानी ले लिया। सुषमा देउबा के पानी पीने तक गिलास वापस रखने का इंतजार कर रही थीं कि तभी एक अधिकारी वहां पहुंचा और विदेश मंत्री तब अपनी सीट पर वापस बैठीं। देउबा ने भी अपना संबोधन जारी रखा। विदेश मंत्री सुषमा ट्विटर के जरिए मुश्किल में फंसे भारतीयों की समस्या सुलझाने के लिए खासा मशहूर हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button

mahjong ways

slot777