
Lucknow : मध्यप्रदेश के ‘आदिवासी कांड’ पर बरसे अखिलेश
मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक आदिवासी के साथ घृणित कार्य की आलोचना करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया कि एक भाजपाई ने ये दानवीय घृणित कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सदियों से शोषित-दलित समाज पर किए जा रहे उत्पीड़न के इतिहास का ये एक शर्मनाक अध्याय है। सवाल उठाया कि मध्य प्रदेश में भाजपा के 18 साल के शासन की क्या यही उपलब्धि है। भाजपा को अहंकार ले डूबेगा।
शिक्षक और अधिवक्ता भाजपा की गलत नीतियों पर करें जागरूक
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की गलत नीतियों से जनता को अवगत कराने की विशेष जिम्मेदारी शिक्षक समाज और अधिवक्ता वर्ग की है।
गुरुवार को सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं तथा पार्टी पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी एक दूसरे का सम्मान करें। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के छह वर्ष में केवल समाजवादी कामों को अपना बताने या उन्हें बर्बाद करने का काम हुआ है। बरसात होते ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे धंस गया। इससे पहले बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे भी धंस गया था।
अखिलेश ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है। समाजवादी पार्टी की मांग है कि जातीय जनगणना हो ताकि सभी को बराबरी का हक और सम्मान मिल सके। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सन 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का जीतना आवश्यक है। कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी और निष्ठा से चुनाव में लग जाएं तो कोई मुकाबले में नहीं होगा।