
गौरी की हत्या की पत्रकार संगठनों ने निंदा की
मुंबई। मुंबई प्रेस क्लब और बंबई पत्रकार (Journalist) संघ के नेतृत्व में विभिन्न मीडिया संगठनों ने वरिष्ठ कन्नड़ पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या की आज निंदा की और इस मामले की त्वरित जांच की मांग की। अपने वामपंथी नजरिए और हिंदुत्व राजनीति पर बेबाक विचारों के लिए जानी जाने वाली गौरी की कल रात बेंगलुरू में उनके आवास में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मुंबई प्रेस क्लब के सचिव धर्मेंद्र जोरे ने बताया कि यहां प्रेस क्लब में आज शाम कैंडल मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या की निंदा और विरोध करने के लिए पत्रकार आज शाम सात बजे मुंबई प्रेस क्लब से कैंडल मार्च निकालेंगे।’’ मुंबई प्रेस क्लब के अलावा टीवी पत्रकार संघ, फोटोग्राफर संघ और नेटवर्क ऑफ विमेन इन मीडिया इस विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।
गौरी की हत्या की निंदा करने के लिए कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आज शाम उपनगर बांद्रा में एक सभा आयोजित की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 55 वर्षीय गौरी कार से अपने घर लौटी थी। जब वह दरवाजा खोल रही थीं तभी मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की। गौरी का मौके पर ही निधन हो गया।