भारत चीन ने बातचीत से सुलझाया डोकलाम विवाद, सेनाएं हटेंगी
नई दिल्ली । भारत और पाकिस्तान ने आज डोकलाम विवाद को सुलझाते हुए अपनी अपनी सेनाएं वहां से हटाने का फैसला किया है। इस बात की जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अपना पक्ष चीन को समझाने में सफल रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन डोकलाम में गतिरोध स्थल पर सीमा बलों को पीछे हटाने पर सहमत हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत, चीन ने डोकलाम पर राजनयिक संबंध बरकरार रखे; हम हमारे हित, चिंताएं एवं विचार व्यक्त करने में सक्षम हैं।
इस मुद्दे को भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है क्योंकि अभी तक चीन यहां से अपनी सेना हटाने को राजी नहीं था। इस विवाद को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच पिछले कुछ हफ्तों से चर्चा चल रही थी। अब फैसला हुआ है कि दोनों देश धीरे धीरे अपनी सेना हटाएंगे।
तीन सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीन के दौरे पर जाना है उससे पहले यह विवाद सुलझा लिया गया है। सरकार की ओर से पिछले सप्ताह यह उम्मीद जताई गयी थी कि विवाद का वार्ता से हल निकल आएगा।