कारोबारफ्लैश न्यूज

लखनऊ में घर में सोलर पैनल लगवाने पर नगर निगम हाउस टैक्स में देगा 10 % की छूट

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से सोलर पैनल लगवाने वाले भवन स्वामियों को नगर निगम हाउस टैक्स, सीवर व जल कर पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत की छूट देगा। ये निर्णय गुरुवार को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। शहर के लगभग 8.5 लाख भवन स्वामियों को इसका फायदा तो मिलेगा ही हरित ऊर्जा को बढ़ावा भी मिलेगा। सड़कों के नामकरण सहित कई अन्य प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के राजकुमार हॉल में महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई। महापौर ने बताया कि शहर के विकास के लिए 18 नवंबर को कार्यकारिणी बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पास किया जाएगा।

इसके बाद 28 नवंबर तक सदन की बैठक में कार्यकारिणी से पास प्रस्तावों को पास कराया जाएगा। बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, भाजपा पार्षद दल उपनेता सुशील तिवारी पम्मी, कार्यकारिणी सदस्य, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर नगर निगम करेगा सख्त कार्रवाई

कार्यकारिणी बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में महापौर ने कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि झुग्गियों में रहने वाले कई लोगों के पास आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन से लेकर वोटर कार्ड तक हैं। महापौर ने जोनल अधिकारियों से ऐसे लोगों को की पहचान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को आसाम का निवासी बताते हैं उनसे नगर निगम एनआरसी के कागज मांगेगा। बाहरियों की पहचान करके बाहर किया जाएगा।

महापौर-नगर आयुक्त के बीच कम हुईं दूरियां

महापौर और नगर आयुक्त के बीच अधिकारों को लेकर चल रहे गतिरोध के बीच गुरुवार को तीसरी बार आयोजित की गई कार्यकारिणी बैठक में भी हंगामा होने के आसार थे। लेकिन बैठक बिना गतिरोध के सम्पन्न हो गई। इसके साथ ही महापौर-नगर आयुक्त के बीच तनाव और दूरियां भी कम होती दिखीं। बैठक से पहले दोनों ने एक दूसरे को पुष्पगुच्छ भेंट किया। बैठक के बाद दोनों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। महापौर और नगर आयुक्त ने कहा कि पिछली बैठकों में लिये गए संकल्पों पर एक हफ्ते में निर्णय हो जाएगा।

नए मॉडल वेंडिंग जोन में बनेंगी 366 दुकानें

नगर निगम शहर में नए मॉडल वेंडिंग जोन बनाएगा। यहां लगभग 366 दुकानें बनाकर वेंडर्स को किराये पर आवंटित की जाएंगी। महापौर ने कहा कि इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा साथ ही वेंडर्स को वेंडिंग जोन में जगह मिल सकेगी। नगर निगम ने अभी तक गोमती नगर में एक मॉडल वेंडिंग जोन बनाया है। जबकि महापौर ने अधिकारियों को प्रत्येक जोन में मॉडल वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह तलाशने के निर्देश दिए थे।

राज्‍यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button