
उत्तर प्रदेशफ्लैश न्यूज
राज्यपाल ने राजभवन में परंपरागत खेल प्रतियोगिता 2023-24 का किया शुभारंभ
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज राजभवन के बड़े लॉन में राजभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों, अध्यासितों व बच्चों हेतु आयोजित परंपरागत खेल प्रतियोगिता 2023-24 का शुभारंभ किया। बच्चों के साथ गुब्बारे छोड़कर खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए राज्यपाल जी ने सभी प्रतिभागियों को नववर्ष 2024 की बधाई व शुभकामनाएं दी और कहा कि वर्ष 2024 में हमारा लक्ष्य ऊंचा होना चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि अभिभावक के कार्यों का प्रभाव उनके बच्चों पर पड़ता है। बच्चे खेल के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि खेल मानव कल्याण व सर्व कल्याण के लिए होना चाहिए, यह सीख हमें हमारे पूर्वजों और ऋषि मुनियों ने दी है, जो घने जंगलों में बैठकर ज्ञान प्राप्ति में लीन रहते थे। उन्होंने कहा कि पूर्वजों द्वारा प्राप्त ज्ञान समाज के हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
राज्यपाल ने राजभवन को जन भवन बताते हुए कहा कि यह आमजनों कि लिए खुला होना चाहिए। उन्होंने खेल में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलने से मन प्रफुल्लित होता है और मस्तिष्क का विकास होता है। उन्होंने इस क्रम में स्वस्थ शरीर हेतु स्वस्थ खान-पान की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राज्यपाल जी द्वारा राजभवन के अध्यासित बच्चों को पूर्व में खेल क्षेत्र में हासिल हुई उपलब्धियों पर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव डॉ0 सुधीर महादेव बोबडे ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल भावना के साथ प्रतियोगिता का आनंद उठाएं। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने उपस्थित बच्चों सह उनके परिजनों को कार्यक्रम में सक्रिय सहभाग हेतु धन्यवाद अर्पित किया।
राज्यों से जुड़ी हर खबर और देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए नार्थ इंडिया स्टेट्समैन से जुड़े। साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप को डाउनलोड करें।



