
डॉ. पूर्णिमा सिंह और एलडीए ने जीती महानिदेशक ट्रॉफी, बोगनविलिया उत्सव में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 51 विजेताओं किया पुरस्कृत
सीएसआईआर–राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (सीएसआईआर–एनबीआरआई) में हुए बोगेनवेलिया उत्सव में कुर्सी रोड की सावनी यादव ने तीन वर्गों में प्रथम पुरस्कार जीते। गोमती नगर की डॉ. पूर्णिमा सिंह और एलडीए ने दो-दो वर्गो में पहला स्थान प्राप्त किया। डॉ. पूर्णिमा सिंह और लखनऊ विकास प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से महानिदेशक ट्रॉफी जीती। व्यक्तिगत श्रेणी निदेशक ट्रॉफी डॉ. पूर्णिमा सिंह और संस्था / नर्सरी श्रेणी में एलडीए ने जीती। समापन समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 51 विजेताओं को पुरस्कृत किया। अलग-अलग श्रेणी में 20 प्रथम, 17 द्वितीय और 14 तृतीय पुरस्कार दिए गए।
दो दिवसीय बोगेनवेलिया उत्सव में 300 से अधिक रंग-बिरंगे पुष्पों से एनबीआरआई का उद्यान सजाया गया। समापन समारोह में राज्यपाल ने कहा कि बोगेनविलिया गर्मी के मौसम में आंखों को सुख देने वाला पुष्पीय पौधा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता है कि हम प्रकृति के उपहार और सौंदर्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। पेड़ पौधे सिर्फ सुंदरता ही नहीं बल्कि किसानों की आजीविका बढ़ाने में भी योगदान दे रहे हैं। ऐसे आयोजन किसानों को नवीनतम शोध, किस्मों और कृषि तकनीक से परिचय कराते हैं। एनबीआरआई के निदेशक डॉ. एके शासनी ने कहा कि संस्थान नई बोगनवेलिया किस्मों के विकास तथा इसे आम जनमानस में लोकप्रिय बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। वरिष्ठ वैज्ञानिक केजे सिंह, पूर्व निदेशक डॉ. पीके त्रिवेदी, आईआईटीआर के निदेशक डॉ. भास्कर नारायण उपस्थित रहे।
लविवि ने झटके आठ पुरस्कार
बोगनवेलिया उत्सव में लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग ने विभिन्न श्रेणियों में कुल आठ पुरस्कार जीते। विभाग ने प्रस्तुत प्रदर्शनी और पौधों की सज्जा को उनकी सौंदर्यात्मक आकर्षण, नवीन विन्यास तथा सजावटी पौधों के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए व्यापक सराहना प्राप्त हुई। विभागाध्यक्ष प्रो. गौरी सक्सेना ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और इससे वनस्पति शिक्षा तथा उद्यानिकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में विभाग की प्रतिष्ठा और सुदृढ़ हुई है।



