
यूपी में घना कोहरा, बिहार को ठंड-कोहरे की दोहरी मार, कश्मीर-हिमाचल में जारी बर्फबारी की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे और ठंड को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है। जम्मू-कश्मीर व हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 दिसंबर तक रात और सुबह घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 22 दिसंबर तक सुबह-रात में घना कोहरा रहने की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा के आंतरिक हिस्सों में 24 दिसंबर तक घना कोहरा बने रहने का पूर्वानुमान है।
अगले 24 घंटों में बर्फीला तूफान का खतरा
IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तर-पूर्वी हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में कुछ जगहों पर भारी बारिश या बर्फबारी के साथ बर्फीला तूफान आने की आशंका है। विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।
बिहार-उत्तराखंड में कोल्ड डे अलर्ट
22 दिसंबर को उत्तराखंड और झारखंड के कुछ हिस्सों में, जबकि 22-23 दिसंबर को पंजाब, हरियाणा, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में (उत्तर प्रदेश को छोड़कर) अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 3 दिनों में 3-5 डिग्री की गिरावट आएगी।
यूपी को 3 दिनों की राहत, फिर ठंड बढ़ेगी
उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन उसके बाद अगले चार दिनों में 3-5 डिग्री की गिरावट होगी। पूर्वी भारत में अगले तीन दिनों तक तापमान स्थिर रहेगा, फिर चार दिनों में 2-3 डिग्री गिरावट आएगी।
गुजरात में मौसम रहेगा सामान्य
गुजरात में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं, फिर तीन दिनों में 2-3 डिग्री गिरावट और उसके बाद स्थिरता। देश के बाकी हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं।



