
केरल में ‘मृत’ महिला फिर से हुई जिंदा
इडुक्की। केरल में आज एक अजीबो-गरीब घटना हुई। अपने रिश्तेदारों द्वारा मृत मानी गई एक बीमार महिला मोबाइल शवगृह में ले जाने से ठीक पहले यहां जिंदा हो गई। इसके बाद 51 वर्षीय रत्ना अम्मा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। महिला गंभीर रूप से बीमार थी और पिछले तीन महीनों से पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के मदुरै के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज करवा रही थी।
डॉक्टरों ने कल उन्हें यह कहते हुए अस्पताल से छुट्टी दे दी थी कि अब उन्हें घर ले जाया जा सकता है। इसके बाद आज सुबह महिला को घर लाया गया और रिश्तेदारों ने पाया कि उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही है। इसके बाद रिश्तेदारों ने उन्हें मृत समझ लिया। हालांकि उनका ‘शव’ मोबाइल शवगृह में रखा जाने वाला ही था तभी कुछ पड़ोसियों ने उनके हाथों में कुछ हरकत देखी। इस बारे में तत्काल पुलिस को सूचना दी गई और महिला को यहां के सेंट जोन अस्पताल में भेजा गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।